अपहरण की सूचना देने पहुंचे व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, गुरपा थानाध्यक्ष के खिलाफ IG से शिकायत।

गया जी। गुरपा थाना के थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार पर मारपीट, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबातरी गांव निवासी देवनंदन यादव ने मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, घटना 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:35 बजे की बताई गई है। आवेदक का आरोप है कि सुनील यादव उर्फ लाली यादव, बलु कुमार उर्फ मैडम तथा चार-पांच अन्य लोगों ने मिलकर उनके ममेरा भाई विरेंद्र कुमार का अपहरण कर लिया। आरोप है कि उन्हें गम्हरी के पास तेतरिया जंगल के समीप से जबरन उठाकर बिना नंबर प्लेट वाली ब्लू रंग के ग्लैमर गाड़ी से दुदु की ओर ले जाया जा रहा था।

आवेदन में बताया गया है कि इसी दौरान देवनंदन यादव फतेहपुर बाजार से लौट रहे थे। उन्होंने अपने भाई के चिल्लाने की आवाज सुनी और घटनास्थल पर पहुंचकर उन्हें आरोपितों के कब्जे में देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल गुरपा थानाध्यक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस बल के पहुंचने पर गाड़ी सवार लोग वीरेंद्र कुमार को छोड़कर फरार हो गए।

आवेदक का आरोप है कि बाद में पुलिस ने गाड़ी की पहचान करने के लिए उन्हें और उनके परिजनों को घटनास्थल पर बुलाया। इसके बाद उन्हें तथा उनके भाई विपिन और नितिन कुमार को अपनी गाड़ी से थाना चलने के लिए कहा गया। आरोप है कि पुलिस वाहन में जबरन बैठाने का विरोध करने पर थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार और छोटे बाबू दर्शन चौधरी ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। साथ ही परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुनील यादव उर्फ लाली यादव शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है और गुरपा थाना के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से शराब का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। आवेदक ने अपने आरोपों के समर्थन में थानाध्यक्ष के मोबाइल नंबर की कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्य होने की बात भी कही है।

इस मामले में देवनंदन यादव ने पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया जी से निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इधर, पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की ओर से आवेदन पर कार्रवाई करते हुए वजीरगंज एसडीपीओ को मामले के तथ्यों की जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।