
फतेहपुर। दुर्गा पूजा की नवमी और दशमी को लेकर फतेहपुर बाजार में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए फतेहपुर थाना की ओर से रूट चार्ट जारी किया गया है। इसके तहत 19 और 20 अक्टूबर को निर्धारित समय में विभिन्न मार्गों पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार के निर्देश पर जारी व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, पहाड़पुर बजरंगबली मंदिर से झंडा चौक की ओर दोपहर तीन बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, बजरंगबली मोड़ फतेहपुर से शाम पांच बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
झंडा चौक से बड़ी देवी स्थान जाने वाले श्रद्धालुओं को गांधी मैदान होते हुए जाना होगा। गांधी मैदान मस्जिद के बगल में स्थित है। वहीं, पहाड़पुर से देवी स्थान होते हुए झंडा चौक की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा, झंडा चौक से अंदर बाजार की ओर सभी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। थाना प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।












Leave a Reply