
झारखंड से शराब की खेप आने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी ईआईबी की टीम, पावापुरी-गिरियक इलाके में हुई घटना
नालंदा। बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) में तैनात सिपाही अजीत कुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सिपाही को पहले पावापुरी स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय स्थित एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर शराब तस्करों का पीछा शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, शराब से लदी पिकअप नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी थी। टीम वाहन का पीछा करते हुए नालंदा पहुंची। पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने पुलिस टीम पर अचानक गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
फायरिंग के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर शराब तस्कर और कथित लाइनर पिकअप वाहन समेत मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।










Leave a Reply