
फतेहपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में नारेबाजी, पुतला दहन कर जताया विरोध।
AICC के आह्वान पर बुधवार को फतेहपुर प्रखंड कांग्रेस कमिटी की ओर से “लोकतंत्र बचाओ एवं वोट बचाओ-देश बचाओ” मार्च निकाला गया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्द कुमार के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के पक्ष में आवाज बुलंद की।
मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न संदेशों के साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद निर्धारित स्थल पर मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष अरविन्द कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सबसे महत्वपूर्ण है। मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आम लोगों को भी जागरूक और एकजुट होने की जरूरत है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के माध्यम से जनता को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया जा रहा है। मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में वीरेंद्र सान्याल, देवनंदन प्रसाद यादव, रूपेश यादव, सेराजुद्दीन, अकबर शाह, विक्रम यादव, दिनेश यादव, प्रेम प्रकाश, मुमताज खान, पप्पू खान, जहांगीर खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।













Leave a Reply