स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चला सफाई अभियान, निकाली जागरूकता रैली

संवाददाता, खिजरसराय: नगर पंचायत खिजरसराय की ओर से गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने चिन्हित स्थानों पर श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान नगर पंचायत कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने वर्ष में 100 घंटे श्रमदान करने की शपथ ली। इसके बाद स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नगर में रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों से घर, गली और आसपास गंदगी नहीं फैलाने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई।

कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में नगर पंचायत कर्मियों की टीम ने जनप्रतिनिधियों की टीम को 2-1 से पराजित किया।

कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। लोगों के सहयोग से ही खिजरसराय को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।स्वच्छता पदाधिकारी प्रति सुमन ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही लोगों से वर्ष में 100 घंटे श्रमदान करने की अपील की जा रही है।मौके पर वार्ड पार्षद संदीप कुमार, अंजली देवी, विवेक कुमार, अभिषेक कुमार, चन्दन सैनिक, संजीत कुमार दिवाकर और धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य पार्षद प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत कर्मी मौजूद थे।