घर और स्कूल मिलकर बच्चों के भविष्य को दें सही दिशा : उमेश कुमार

फतेहपुर। सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय,फतेहपुर के परिसर में बुधवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने की। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और संस्कार को लेकर शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भूमिका और घर पर पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं, अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि “बच्चे का विकास तभी संभव है, जब घर और विद्यालय दोनों एक दिशा में मिलकर कार्य करें।” उन्होंने बताया कि विद्यालय वर्ष 1988 से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के मूल मंत्र के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में लगातार प्रयासरत है। संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा उनकी पढ़ाई और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।