पितृपक्ष मेला को लेकर विष्णुपद मंदिर परिसर का देर रात पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा

गया। आगामी पितृपक्ष मेला को लेकर गया पुलिस ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 20 सितंबर की मध्य रात्रि वरीय पुलिस अधीक्षक, गया, नगर पुलिस अधीक्षक एवं सहायक पुलिस अधीक्षक ने विष्णुपद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली।

इस दौरान अस्थायी थाना का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मेला के दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।

वरीय पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गया पुलिस की ओर से बताया गया कि पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। मेला को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।