
भैंस धोने के लिए आहर में गए थे होरिल यादव, देर शाम से लापता।
संवाददाता, फतेहपुर। फतेहपुर थाना क्षेत्र के कटहाडीह गांव स्थित आहर में डूबने से एक व्यक्ति की मौत होने की आशंका है। मृतक की पहचान कटहाडीह गांव निवासी होरिल यादव (पिता महावीर यादव) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह तक उनका शव आहर से बाहर नहीं निकाला जा सका था। पुलिस और ग्रामीणों की ओर से शव की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, होरिल यादव शुक्रवार की शाम अपनी भैंस को आहर में धोने के लिए गए थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। आहर में डूबने की आशंका होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना फतेहपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में आहर में शव की तलाश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी हुई है।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद आहर में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाएगा।











Leave a Reply