खिजरसराय बाजार की जाम समस्या के स्थायी समाधान को दो माह का समय

एनओसी मिलने के बावजूद सब्जी मंडी की प्रक्रिया लंबित रहने पर पार्षदों ने उठाए सवाल, मुख्य लिपिक को हटाने पर बनी सहमति

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:-नगर पंचायत खिजरसराय के सभागार में सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद रिंकू देवी ने की। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास कार्यों के साथ लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों पर पार्षदों ने खुलकर अपनी बात रखी। पेयजल, बिजली, सड़क, नाली समेत नगर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और नई योजनाओं को लेकर कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

बैठक में फल्गु नदी के केनी घाट पर श्मशान घाट निर्माण की स्वीकृति सहित नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न नई योजनाओं के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

जाम की समस्या पर पार्षदों ने मांगा जवाब

खिजरसराय बाजार में आए दिन लगने वाले जाम का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा। वार्ड पार्षद संदीप कुमार ने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद से लगभग हर बैठक में जाम की समस्या एजेंडे में शामिल होती रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत स्तर से समस्या का समाधान संभव नहीं है तो इसे बार-बार एजेंडे में शामिल करने के बजाय ठोस पहल की जानी चाहिए।

पार्षदों की सहमति के बाद कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय ने जाम की समस्या के समाधान के लिए दो माह का समय मांगा। वहीं, तत्काल राहत के लिए गया और राजगीर की ओर से आने वाली बसों को प्रखंड कार्यालय मोड़ के पास रोकने का निर्णय लिया गया। इससे बाजार में बसों के प्रवेश से उत्पन्न होने वाली यातायात बाधा को कम करने की उम्मीद है।

एनओसी के बाद भी मंडी निर्माण की प्रक्रिया क्यों लंबित?

वार्ड पार्षद शीला देवी ने स्थायी सब्जी मंडी निर्माण का मुद्दा उठाते हुए नगर प्रशासन से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मंडी निर्माण के लिए अंचल कार्यालय से करीब दो माह पहले अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त हो चुका है। इसके बावजूद नगर पंचायत की ओर से निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब पहले एनओसी नहीं मिलने की बात कही जा रही थी, तो एनओसी मिलने के बाद भी कार्रवाई आगे क्यों नहीं बढ़ाई जा रही है। उन्होंने मंडी निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। इस पर सभी वार्ड पार्षदों ने सहमति जताई।

मुख्य लिपिक को हटाने के प्रस्ताव पर फिर बनी सहमति

बैठक में नगर पंचायत के मुख्य लिपिक को हटाने का मामला भी चर्चा में रहा। इससे पहले सशक्त स्थायी समिति की बैठक में नौ वार्ड पार्षदों ने मुख्य लिपिक को हटाने के संबंध में लिखित आवेदन दिया था। सामान्य बोर्ड की बैठक में मामले पर दोबारा चर्चा हुई। इस दौरान सभी वार्ड पार्षदों ने मुख्य लिपिक को हटाने पर सहमति जताई।

पार्षदों ने मामले में नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई करने की मांग की।

बैठक में उपमुख्य पार्षद स्वाति सिन्हा, वार्ड पार्षद कुमारी अनिता रानी, संगीता देवी, पिंकी देवी, अंजली कुमारी, सत्यजीत चन्द्र सैनिक, गिरीश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि दया शंकर सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे। वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय, स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति सुमन एवं कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार भी बैठक में उपस्थित रहे।