
प्राथमिक विद्यालय पतेया में फर्जी महिला के शिक्षिका बनकर काम करने का आरोप, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की भी होगी जांच
फतेहपुर, संवाददाता। प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पतेया में लवली कुमारी के नाम पर दूसरी महिला के शिक्षिका बनकर योगदान करने के आरोप ने शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ा दी है। मामले में शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने इसकी जांच निगरानी अन्वेषण ब्यूरो,पटना से कराने की पहल की है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) सुमित कुमार सौरभ ने पुलिस निरीक्षक-सह-सहायक जांचकर्ता, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच करने का अनुरोध किया है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर प्रखंड की पंचायत नौडीहा झुरांग निवासी आशीष कुमार, पिता रूलदीप यादव ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से इस संबंध में परिवाद दर्ज कराया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि गीता देवी नाम की महिला ने लवली कुमारी के नाम का इस्तेमाल कर प्राथमिक विद्यालय पतेया में शिक्षिका के पद पर योगदान किया और कार्य किया।
दोनों नामों की होगी जांच।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की ओर से निगरानी विभाग को भेजे गए पत्र में मामले की बारीकी से जांच करने का अनुरोध किया गया है। इसमें विशेष रूप से यह पता लगाने को कहा गया है कि गीता देवी और लवली कुमारी नाम की दो अलग-अलग महिलाएं हैं या दोनों एक ही महिला हैं। इसके साथ ही लवली कुमारी से संबंधित सभी शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की भी जांच कराने को कहा गया है।
विभाग ने मांगी जांच रिपोर्ट।
शिक्षा विभाग ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से मामले की जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट की एक प्रति जिला शिक्षा कार्यालय को भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। विभागीय स्तर से निगरानी को भेजे गए पत्र के बाद अब इस मामले में जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
जांच के बाद खुलेगा फर्जीवाड़े का राज।
शिक्षिका के नाम, प्रमाण-पत्र और पहचान को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच निगरानी विभाग द्वारा की जाएगी। जांच में यह स्पष्ट होगा कि विद्यालय में योगदान करने वाली महिला की वास्तविक पहचान क्या है और लवली कुमारी के नाम से शिक्षिका के पद पर योगदान किए जाने का आरोप सही है या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी और दोष साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।













Leave a Reply