अनुमंडल कार्यालय में अनुश्रवण समिति की बैठक, राशन कार्ड व पेयजल समस्याओं पर हुई समीक्षा

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) केशव आनंद ने की। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निष्पादन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान नए राशन कार्ड निर्माण, पेयजल व्यवस्था, जन वितरण प्रणाली, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आमजन से जुड़ी अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम केशव आनंद ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से पेयजल संकट एवं राशन कार्ड से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा जनप्रतिनिधियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।