BDO ने शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों के साथ की बैठक, पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनवाने का दिया निर्देश

खिजरसराय प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पूजा गहलौत की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा की गई तथा अभियान को तेज गति और पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ पूजा गहलौत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए शिक्षा सेवक एवं विकास मित्र अपने-अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर जाकर ऐसे परिवारों की पहचान करें, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है।

उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों से निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरवाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रखंड कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उनके आवेदन का शीघ्र निष्पादन कर राशन कार्ड निर्गत किया जा सके। साथ ही उन्होंने अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी पात्र परिवार का नाम छूटने न पाए।

बीडीओ ने कहा कि शिक्षा सेवक एवं विकास मित्र केवल आवेदन भरवाने तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों को राशन कार्ड के महत्व तथा इसके माध्यम से मिलने वाली सरकारी खाद्यान्न एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दें। उन्होंने सभी कर्मियों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।

बैठक में राशन कार्ड निर्माण अभियान की वर्तमान प्रगति, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन एवं समयबद्ध निष्पादन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।