
खिजरसराय (गया)। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) खिजरसराय में नवपदस्थापित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गौतम मिराज यादव की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी शिक्षा सेवकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार द्वारा चलाए जा रहे राशन कार्ड निर्माण अभियान को सफल बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गौतम मिराज यादव ने शिक्षा सेवकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के गांवों और टोलों में घर-घर जाकर ऐसे जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों की पहचान करें, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों से निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरवाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र प्रखंड कार्यालय में जमा कराएं, ताकि समय पर राशन कार्ड निर्गत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र परिवार का नाम छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए शिक्षा सेवक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को राशन कार्ड के महत्व के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति भी जागरूक करें।
बैठक में राशन कार्ड निर्माण अभियान की प्रगति, आवेदन की प्रक्रिया और शिक्षा सेवकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षा सेवकों से पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।













Leave a Reply