कुर्की वारंट के तीन आरोपित गिरफ्तार, खिजरसराय पुलिस ने न्यायालय में किया पेश।

संवाददाता, खिजरसराय। खिजरसराय थाना पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंटों के निष्पादन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने बताया कि पहली कार्रवाई में माननीय न्यायालय, पटना सिटी द्वारा निर्गत कुर्की वारंट के आधार पर पवन कुमार (पिता–महेंद्र सिंह), निवासी बिंदौल, थाना खिजरसराय, जिला गया को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पटना सिटी न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में माननीय न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट के आधार पर मनीष कुमार (पिता–प्रमोद कुमार) तथा प्रमोद कुमार (पिता–स्वर्गीय रामस्वरूप राम), दोनों निवासी थाना खिजरसराय, जिला गया, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से निर्गत वारंटों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी वारंटियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया गया।