
मुजफ्फरपुर, संवाददाता:- निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सकरा प्रखंड की सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या 083/26 (दिनांक 14 जुलाई 2026) में दर्ज मामले के आधार पर मंगलवार (15 जुलाई) को ब्यूरो की टीम ने सबहा चौक स्थित पीआर मार्ट में जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया गया कि सिराजाबाद निवासी एवं वार्ड संख्या-11 के वार्ड सदस्य आदित्य कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके वार्ड में मनरेगा से संबंधित कार्य कराने के एवज में पंचायत रोजगार सेवक द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद कांड दर्ज कर वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र कुमार को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।












Leave a Reply