
संवाददाता, खिजरसराय :- खिजरसराय प्रखंड के चिरैली बाजार स्थित हाईस्कूल रोड में बिहार सरकार की जमीन पर दबंगों द्वारा धड़ल्ले से कब्जा कर मकान बनाया जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अंचल अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीण शक्ति कुमार ने बताया कि जब इस सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण शुरू हुआ था, तब ग्रामीणों ने इसकी सूचना अंचल अधिकारी को दी थी। प्रशासन ने तत्परता दिखाने के बजाय महज खानापूर्ति करते हुए केवल दो दिनों के लिए निर्माण कार्य बंद कराया। इसके बाद दबंगों ने फिर से धड़ल्ले से निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दो माह पूर्व लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नीमचक बथानी को आवेदन देकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। लेकिन आवेदन दिए जाने के बाद निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद अनुमंडल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
हैरानी की बात यह है कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पहले जहां इस सरकारी जमीन पर एक मंजिला मकान बनाया गया था, वहीं अब दिन-रात निर्माण कार्य कर दूसरी मंजिल का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन की कथित मिलीभगत या उदासीनता के कारण ही दबंग बेखौफ होकर सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
वहीं, इस मामले में खिजरसराय के अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फाइल देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply