
गया। पुलिस केंद्र गया में सिपाहियों के बुनियादी प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत शनिवार को भव्य दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षु सिपाहियों ने शानदार परेड प्रदर्शन कर अपनी दक्षता, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव रहे। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षुओं ने आकर्षक मार्चपास्ट एवं विभिन्न ड्रिलों का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को प्रभावित कर दिया। मुख्य अतिथि विकास वैभव ने प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाते हुए उन्हें सत्य, न्याय और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है।
समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों की उपस्थिति से पुलिस केंद्र का वातावरण उत्साह, गर्व और भावनाओं से भर उठा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
अपने संबोधन में वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवप्रशिक्षित सिपाही अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
दीक्षांत परेड समारोह के साथ ही प्रशिक्षुओं के जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय पूर्ण हुआ और वे अब समाज की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।













Leave a Reply