जन कल्याण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, तीन दिनों में मिले 551 आवेदन

फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर गुरुवार को संपन्न हो गया। शिविर के दौरान आमजन ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन दिए।

शिविर के पहले दिन 91 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि दूसरे दिन 216 आवेदन मिले। अंतिम दिन गुरुवार को 244 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 551 आवेदन प्राप्त हुए।

प्रखंड के सभी विभागों की सहभागिता वाले इस शिविर में राजस्व, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना था।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर अपनी बात रखने का अवसर मिला। प्रशासन ने शिविर को सफल बताते हुए प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।