
भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। निगरानी की मुख्यालय टीम ने पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंचल कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या 073/26 दिनांक 15 जून 2026 में दर्ज मामले के तहत यह कार्रवाई की गई। परिवादी बालेश्वर कुमार, निवासी बखत पससाईन, थाना मुफस्सिल, बेतिया ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में राज कुमार मिश्र द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।
मंगलवार को धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बेतिया अंचल कार्यालय में राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी करने वाले कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है।













Leave a Reply