अतरी में विकास की नई पहल, टेक्नोलॉजी सेंटर उद्घाटन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां

आगामी 15 जून को देवगांव में प्रस्तावित टेक्नोलॉजी सेंटर के उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को खिजरसराय प्रखंड स्थित जज्बा प्लस में अतरी विधायक रोहित कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधायक रोहित कुमार ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह टेक्नोलॉजी सेंटर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर, गांव-गांव और टोला-टोला जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें।

विधायक ने कहा कि 15 जून को आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में क्षेत्र की जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगी।

विधायक रोहित कुमार ने कहा कि अतरी विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और जनता के सहयोग से यह कार्यक्रम क्षेत्र के इतिहास में एक नई पहचान स्थापित करेगा।