बिहार में आर्थिक अपराध इकाई की बड़ी कार्रवाई, हाजीपुर नगर परिषद के लेखपाल के ठिकानों पर छापेमारी।


पटना/हाजीपुर: बिहार में भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर नगर परिषद में पदस्थापित लेखपाल मनीष कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में उनके आवास और कार्यालय समेत दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि मनीष कुमार द्वारा अर्जित संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में करीब 208.57 प्रतिशत अधिक पाई गई है। आर्थिक अपराध इकाई की जांच में अब तक 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये की संदिग्ध संपत्ति का खुलासा हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कार्रवाई शुरू की। छापेमारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश संबंधी कागजात, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की जांच की जा रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही इस कार्रवाई को आर्थिक अपराध इकाई की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।