मगध यूनिवर्सिटी गेट के पास भीषण सड़क हादसा, टक्कर में बुलेट बाइक दो हिस्सों में बंटी, चालक बाल-बाल बचा।

सोमवार को मगध यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रही एक चार पहिया वाहन ने बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक दो हिस्सों में बंट गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बाइक चालक युवक इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खड़े लोग बाइक की स्थिति देखकर हैरान रह गए। दुर्घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई।

बताया जा रहा है कि चार पहिया वाहन विपरीत दिशा से आ रही थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस हादसे में भले ही कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन बुलेट बाइक को भारी क्षति पहुंची है।