आईजी विकास वैभव की पहल: हर माह के पहले शनिवार को थानों में होगी लोक-संवाद गोष्ठी।

गया। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद तथा विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगामी 6 जून 2026 (जून माह के प्रथम शनिवार) को मगध क्षेत्र के सभी थानों में लोक-संवाद गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से एक साथ आयोजित होगा।

मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को क्षेत्र के सभी जिलों के प्रत्येक थाना क्षेत्र में लोक-संवाद गोष्ठी आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गोष्ठी में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, पत्रकार एवं आम नागरिक भाग लेकर अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं, सुझावों और जनहित के मुद्दों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।

पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने इस कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर मगध क्षेत्र के सभी वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लोक-संवाद गोष्ठी के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच सहयोग एवं विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत होगा, जिससे कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक-संवाद गोष्ठी में भाग लेकर अपनी बात रखें और समाज तथा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग करें।