
फतेहपुर नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। समिति के तीन पदों के लिए केवल तीन वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया, जिसके बाद सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाचित सदस्यों में वार्ड संख्या आठ की राज कुमारी, वार्ड संख्या 10 के अमित कुमार तथा वार्ड संख्या छह के चंदन कुमार शामिल हैं। इनमें राज कुमारी पूर्व में भी सशक्त स्थायी समिति की सदस्य रह चुकी हैं, जबकि अमित कुमार एवं चंदन कुमार पहली बार समिति का हिस्सा बने हैं।
चुनाव प्रक्रिया शनिवार सुबह आठ बजे वरीय उप समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी अंकुर कुमार एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ शशि भूषण साहू की देखरेख में शुरू हुई। निर्धारित समय पर नगर पंचायत के 11 वार्ड पार्षदों में से 10 सदस्य उपस्थित रहे। नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे तक चली, लेकिन तीन नामांकन के अलावा किसी अन्य पार्षद ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाचन के बाद अधिकारियों ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र सौंपा तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर वार्ड पार्षद मदीना खातून, बालकिसुन रविदास, किट्टू देवी, पंकज कुमार, सुमनी देवी, पुष्पा देवी एवं पप्पू कुमार दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सशक्त स्थायी समिति के गठन के बाद मुख्य पार्षद रवि कुमार, उप मुख्य पार्षद वाहिद खान, शुभम शेठ, रामचंद्र रविदास, धर्मेंद्र सिंह, मो. नजीब आपम उर्फ मन्नु एवं संजय मांझी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को माला पहनाकर स्वागत किया तथा शुभकामनाएं दीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नई समिति नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।











Leave a Reply