
फतेहपुर: फतेहपुर-पहाड़पुर सड़क मार्ग पर सोमवार को दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत फतेहपुर थाना में दर्ज कराई है।
पीड़ित अखिलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक, फतेहपुर शाखा से पैसे निकाले थे। उन्हें शक है कि बैंक से ही बदमाश उनका पीछा कर रहे थे और रेकी कर रहे थे।
अखिलेश ने बताया कि बैंक से निकासी के बाद वे कुछ और पैसे निकालने के लिए बड़की देवी स्थान के पास स्थित डाकघर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पहले निकाले गए पैसे अपने साथ सुरक्षित रखे थे, जिससे उस समय बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
इसके बाद डाकघर से पैसे निकालने के बाद वे रूपीन के पास एक दुकान पर कुछ काम से रुके। उन्होंने पैसे बाइक की डिक्की में रख दिए और बाहर खड़ी कर दी। मात्र दो मिनट के भीतर ही बदमाशों ने डिक्की तोड़कर डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
अखिलेश ने बताया कि यह पैसे उनकी बहन की शादी के लिए निकाले गए थे। शादी की तैयारियों को लेकर वे बैंक और डाकघर से राशि निकाल रहे थे। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












Leave a Reply