देव पूजन को निकलीं महिलाओं से बदतमीजी, मना करने पर आधी रात घर में घुसकर की मारपीट।

गया के सलैयाकला में 5 लोगों पर छेड़छाड़ ,बाल पकड़कर घसीटने का आरोप, पीड़िता ने थाने में लगाई गुहार ।

फतेहपुर थाना क्षेत्र के सलैयाकला गांव में आस्था पर दबंगई का मामला सामने आया है। देव पूजन के लिए जा रही महिलाओं से अश्लील गाना बजाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने आधी रात घर में घुसकर महिलाओं को पीटा, कपड़े फाड़े और जातिसूचक गालियां दीं।

24 अप्रैल की रात से शुरू हुआ विवाद
पीड़िता पुष्पा कुमारी पति प्रकाश कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे गांव में शादी के चलते महिलाएं गाजे-बाजे के साथ देवी मंदिर देव पूजन को जा रही थीं। आरोप है कि गांव के संदीप कुमार और छोटू ने रास्ते में रोककर अश्लील गाना बजाने को कहा। मना करने पर उन्होंने संतोष कुमार और देवराज कुमार से हाथापाई की। ग्रामीणों ने मामला शांत कराया था।

1 बजे रात घर पर बोला धावा, महिलाओं को घसीटा
आवेदन के अनुसार, 25 अप्रैल की रात 1 बजे संदीप कुमार, नेमधारी यादव, सोनू कुमार, धीरज कुमार और छोटू लाठी-डंडे लेकर पुष्पा के घर पहुंच गए। गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि संदीप और नेमधारी ने पुष्पा के साथ अभद्रता की, नाइटी फाड़ दी और बाल पकड़कर घसीटते हुए गलत नीयत से दूसरी जगह ले जाने लगे। बचाने आईं सोनम कुमारी, सोनी देवी, लखिया देवी, कौशल्या देवी और महेन्द्र मांझी को भी आरोपियों ने पीटा।

जान से मार देंगे” की धमकी, गांव में दहशत
पीड़िता का कहना है कि सभी आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और घर की महिलाओं के साथ गलत काम करने की धमकी दी। “तुम सबको जान से मार देंगे” कहकर धमकाया। मारपीट में कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

इन 5 पर FIR की मांग
पुष्पा कुमारी ने फतेहपुर थाना में आवेदन देकर 1. संदीप कुमार पिता नेमधारी प्रसाद यादव, 2. छोटू, 3. नेमधारी यादव पिता स्व0 महादेव प्रसाद यादव, 4. सोनू कुमार पिता कन्हैया यादव, 5. धीरज कुमार पिता विनोद विश्वकर्मा, सभी सलैयाकला निवासी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि आवेदन मिला है। मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।