बिजली की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत तुलसीडीह गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बिजली की चपेट में आने से एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश मांझी की पुत्री तनुश्री के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तनुश्री घर के आसपास खेल रही थी, इसी दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की असमय मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।