
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मंगलवार को जिले सहित फतेहपुर एवं टनकुप्पा प्रखंड में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में रैली, संगोष्ठी और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
फतेहपुर प्रखंड के केपीआर स्कूल जमहेता, प्राथमिक विद्यालय मायापुर तथा प्लस टू विद्यालय करियादपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां छात्रों और शिक्षकों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। वहीं रविदास मुहल्ला फतेहपुर और डुमरी चट्टी से भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। रैली के दौरान सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
फतेहपुर में आयोजित मुख्य रैली में पूर्व विधायक अजय पासवान ने भाग लेते हुए लोगों को एकजुटता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है, जिससे समाज को सीख लेने की जरूरत है।
इधर, टनकुप्पा प्रखंड के जगरनाथपुर, भेटौरा, बरसौना, चोवार सहित अन्य गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मौके पर रविशंकर कुमार, अमिताभ कुमार सुमन, राजीव कुमार, राजकुमार पासवान, डॉ. दिलीप दास, संजय कुमार (भाजपा अध्यक्ष), शशिकांत कुमार, चंद्रिका साव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












Leave a Reply