फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 115 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक गाड़ी को किया बरामद,तस्कर फरार

फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चार पहिया वाहन के साथ में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। हालांकि मौके का फायदा उठाकर तस्कर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप तस्करी कर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना क्षेत्र के ईटवा गांव के समीप छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोका, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से 115 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को थाने लाकर सुरक्षित रखा है। इस संबंध में शराब अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।