
खिजरसराय (संवाददाता): रामनवमी के मद्देनज़र खिजरसराय थाना क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार को खिजरसराय पुलिस ने व्यापक पैदल मार्च (फ्लैग मार्च) निकाला, जिसका नेतृत्व थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने किया।
फ्लैग मार्च खिजरसराय बाजार, बेला रोड और धूरा क्षेत्र सहित प्रमुख इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का भी प्रयास किया गया।
थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने कहा कि रामनवमी के जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस के इस कदम को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला। जगह-जगह लोगों ने फ्लैग मार्च का स्वागत किया और प्रशासन के प्रति विश्वास जताया।प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता है।












Leave a Reply