खुशहालपुर में भव्य कलश यात्रा, 1500 श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी

खिजरसराय प्रखंड के सरबहदा खुशहालपुर गांव में आयोजित चैती दुर्गा पूजा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 1500 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था का अनुपम परिचय दिया। कलश यात्रा में महिलाओं, किशोरियों और पुरुषों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष भी प्रत्येक वर्ष की परंपरा को निभाते हुए चैती दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा में लगभग 900 महिलाएं, 400 किशोरियां एवं 200 पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कलश उठाकर पूजा स्थल तक यात्रा की।
कलश यात्रा तेलारी घाट से प्रारंभ होकर खुशहालपुर, बलुआखंदा, सरबहदा, मिल्की और मननपुर होते हुए पूजा स्थल पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

दुर्गा पूजा समिति के आयोजक कामेश्वर प्रसाद एवं भोला प्रसाद ने बताया कि गांव में दशकों से चैती दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से गांव में सुख-शांति और समृद्धि बनी हुई है तथा सभी ग्रामवासी मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीवन यापन कर रहे हैं।

इस अवसर पर हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।