
गया जी। बिन्नगुड़ी सैन्य अस्पताल के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय कुमार माउंटेन डिवीजन, बिन्नगुड़ी कैंट से 34 वर्षों की गौरवशाली सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उनकी पत्नी और पुत्री भी उपस्थित रहीं। सेवानिवृत्ति के मौके पर सैन्य अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके योगदान को याद किया।
कर्नल विनय कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया, बल्कि अस्पताल के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया। जब वे गया जी के मिलिट्री अस्पताल में कमांडिंग ऑफिसर के पद पर पदस्थापित थे, उस समय अस्पताल परिसर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए। अस्पताल भवन के सुदृढ़ीकरण, सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था, नए मंदिरों का निर्माण तथा स्वच्छता और अनुशासन को लेकर किए गए प्रयास आज भी सराहे जाते हैं।
उनके नेतृत्व में अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक सुचारु और मरीजों के लिए सुविधाजनक बनी। आज भी वहां कार्यरत पुराने कर्मचारी उनके अनुशासित कार्यशैली, मानवीय व्यवहार और विकासात्मक सोच की प्रशंसा करते नहीं थकते। कर्नल विनय कुमार की सेवानिवृत्ति के साथ ही सेना ने एक अनुभवी, कर्मठ और दूरदर्शी अधिकारी को विदाई दी है, जिनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।












Leave a Reply