फतेहपुर पुलिस ने भटके हुए व्यक्ति को परिजनों से मिलाया, परिजनों ने जताया आभार

फतेहपुर प्रखंड स्थित बगिया गांव के पास शुक्रवार देर रात पुलिस गश्ती के दौरान एक व्यक्ति को सड़क पर भटकते हुए पाया गया। समय रहते पुलिस की सतर्कता से किसी भी संभावित अनहोनी को टाल दिया गया।

फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के निर्देश पर एसआई अंबुज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पहाड़पुर–लखैयपुर सड़क मार्ग पर संध्या गश्त कर रही थी। इसी क्रम में बगिया गांव के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को रात के अंधेरे में इधर-उधर भटकते हुए देखा गया। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।


पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम जेपी चौधरी बताया। उसने बताया कि वह सिरदला थाना क्षेत्र का रहने वाला है और घर में हुए आपसी झगड़े के बाद वहां से निकल आया था। देर रात अनजान इलाके में भटकने के कारण उसकी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई थी। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से फतेहपुर पुलिस उसे थाने ले आई और सुरक्षित रूप से थाना परिसर में रखा।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार सुबह तक वह थाना परिसर में ही मौजूद रहा और उसकी देखरेख की जाती रही।
शनिवार को सूचना मिलने पर जेपी चौधरी के परिजन फतेहपुर थाना पहुंचे। आवश्यक पूछताछ और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे सकुशल उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा था और किसी तरह की आपराधिक गतिविधि सामने नहीं आई है।
पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से एक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की है।