मतगणना के दिन बंद रहेंगे गया-बोधगया के सभी स्कूल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना 14 नवम्बर को -जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात को देखते हुए लिया फैसला


बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। गया एवं बोधगया शहर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को 14 नवम्बर 2025 (शुक्रवार) को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर (भा.प्र.से.) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मतगणना का कार्य गया कॉलेज, गया एवं बाजार समिति, चंदौती में सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा। इस दौरान मतगणना स्थल के आसपास और शहर में वाहनों की भारी आवाजाही रहने की संभावना है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

प्रशासन का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत विद्यालयों को एक दिन के लिए बंद रखना आवश्यक है।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस संदर्भ में जिला शिक्षा पदाधिकारी, गया को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

इस आदेश के बाद गया एवं बोधगया क्षेत्र के स्कूलों में 14 नवम्बर को अवकाश रहेगा, जबकि 15 नवम्बर से शिक्षण कार्य सामान्य रूप से संचालित होगा।