फतेहपुर प्रखंड में श्रद्धा,आस्था और प्रशासनिक सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ छठ महापर्व

फतेहपुर :- लोक आस्था के महान पर्व छठ का समापन मंगलवार को फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते ही घाटों पर जयघोष और भक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण आस्थामय बन गया।

फतेहपुर प्रखंड के विभिन्न घाटों — फतेहपुर,मोरहे,डुमरी चट्टी, पहाड़पुर,धरहरा कला सहित कई स्थानों पर हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्य भगवान की पूजा-अर्चना की। चार दिनों तक चले इस महापर्व में व्रतधारिणी महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की।

इस दौरान स्थानीय प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही। प्रखंड प्रशासन, पुलिस बल, तथा आपदा प्रबंधन दल की सतर्कता से पूरे क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रही। अधिकारियों ने घाटों का निरंतर निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पथ-प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सीय सहायता की समुचित व्यवस्था की गई।

प्रखंड विकास पदाधिकारी व सीओ और थानाध्यक्ष स्वयं दल-बल के साथ घाटों पर मौजूद रहे। वहीं स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर सफाई और यातायात नियंत्रण में अहम भूमिका निभाई।

भक्तिमय गीतों, छठी मइया के जयघोष और सूर्य आराधना के साथ फतेहपुर प्रखंड में छठ महापर्व का समापन पूर्ण शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ हुआ