गुरपा पहाड़ पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, व्यवस्था में जुटा रहा प्रशासन

फतेहपुर। सावन की तीसरी सोमवारी पर फतेहपुर प्रखंड के प्रसिद्ध गुरपा पहाड़ पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए गुरपा पहाड़ पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की टीम पूरे व्यवस्था संभालने में जुटे है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पहाड़ पर जगह-जगह प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई थी। फतेहपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू, मुफस्सिल सर्किल इंस्पेक्टर ओम प्रकाश,पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद साव समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

बीडीओ शशि भूषण साहू ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, शौचालय समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शांतिपूर्वक और सावधानी के साथ पहाड़ पर चढ़ें। पूजा-अर्चना के बाद समय से नीचे उतरें, ताकि भीड़ का दबाव कम रहे और सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की हरसंभव मदद के लिए अधिकारी और कर्मी लगातार तैनात हैं।