दो बाइक के साथ 400 लीटर देसी शराब बरामद, तस्कर फरार

फतेहपुर। सोमवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र के पतिया गांव के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल के साथ करीब 400 लीटर देसी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब तस्कर बाइक और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया।

फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसआई सचिन प्रसाद एवं एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल पर लदी करीब 400 लीटर देसी शराब बरामद की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही थी।

पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल और बरामद शराब को जब्त कर फतेहपुर थाना लाया है। मामले में शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार शराब तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।