
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- नमामि गंगे एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत खिजरसराय की ओर से केनी-फल्गु नदी किनारे देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति की शपथ ली। इस दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय ने कहा कि देश के सम्मान के साथ-साथ नदियों के संरक्षण और स्वच्छता के उद्देश्य से नदी किनारे बसे नगर निकायों में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में नदी की स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने लोगों से फल्गु नदी एवं उसके आसपास गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति सुमन, बबलू कुमार बादल, परमानंद शर्मा, अभिषेक पाण्डेय, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अमीर कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विवेक कुमार, संजीत कुमार दिवाकर एवं सियाराम कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी, जनप्रतिनिधि और सफाई कर्मी मौजूद रहे।

इस दौरान तिरंगा हाथ में लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया। साथ ही नदी और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।















Leave a Reply