
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को यशवंत उच्च विद्यालय, खिजरसराय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने देशभक्ति के नारों के साथ नगर का भ्रमण किया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान खिजरसराय बाजार में बीडीओ पूजा गहलौत की पहल पर मानव श्रृंखला बनाई गई। इसमें नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के अलावा जीविका दीदियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

मानव श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ विद्यार्थियों की लंबी कतार पूरे बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी रही।

कार्यक्रम में एसडीएम केशव आनंद, डीएसपी सुरेंद्र सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पांडेय, स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति सुमन, सीडीपीओ मोना, विधायक प्रतिनिधि दया शंकर, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विवेक कुमार सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। एसडीएम केशव आनंद ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। इस तरह के आयोजन से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलता है।















Leave a Reply