
फतेहपुर प्रखंड के मोरहे पंचायत सहित विभिन्न पैक्स गोदामों पर 2024-25 धान की अधिप्राप्ति प्रक्रिया चल रही है। स्थानीय पैक्स क्रय केंद्र,खासकर मोरहे पैक्स,पर इस समय 78 क्विंटल धान की खरीदारी की जा चुकी है। किसानों के लिए यह एक राहत की खबर है क्योंकि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री की जा रही है, जिससे उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है। कृषक दिलीप यादव और योगेंद्र कुमार,जो इस क्रय केंद्र पर धान की बिक्री करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पैक्स क्रय केंद्र के माध्यम से धान बेचने पर उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य प्राप्त हो जाता है। जिससे वे संतुष्ट हैं और इस व्यवस्था के लिए आभारी हैं। मोरहे पंचायत के पैक्स अध्यक्ष जागरूक यादव ने बताया कि धान की अधिप्राप्ति प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए ऑनलाइन जमीन का ब्यौरा उपलब्ध कराने की अपील की गई है। ताकि इस माध्यम से अधिक से अधिक धान की अधिप्राप्ति की जा सके और किसानों को उनकी फसल का पूरा और सहीं मूल्य मिल सके। उन्होंने बताया कि इस प्रयास से धान की खरीदारी में पारदर्शिता आएगी और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Leave a Reply