गया एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई, यात्री के बैग से 110 ग्राम संदिग्ध सोने का बिस्कुट बरामद

कोलकाता जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के यात्री के पास मिला संदिग्ध धातु का टुकड़ा, आयकर विभाग ने शुरू की जांच।


गया हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक यात्री के हैंड बैगेज से करीब 110 ग्राम वजन का सोने जैसा संदिग्ध धातु का बिस्कुट बरामद किया है। यात्री इंडिगो की घरेलू उड़ान से कोलकाता जाने वाला था। बरामद वस्तु के सोना होने का संदेह है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई, जिसके बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर यात्री को वैधानिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की गई।

एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान पकड़ में आया मामला।

CISF की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर को करीब 11:40 बजे गया हवाई अड्डे के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (SHA) में यात्री के हैंड बैगेज की नियमित प्री-एम्बार्केशन सुरक्षा जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्स-रे बैगेज निरीक्षण प्रणाली (X-BIS) में बैग के अंदर एक असामान्य सघन धात्विक वस्तु दिखाई दी। संदेह होने पर जवानों ने बैग को अलग कर उसकी गहन जांच की।

जांच के दौरान बिस्कुट के आकार की सुनहरे रंग की धात्विक वस्तु बरामद हुई, जिसका वजन करीब 110 ग्राम बताया गया है। यात्री उक्त वस्तु के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आयकर विभाग को दी गई सूचना।

मामले की गंभीरता को देखते हुए CISF के क्राइम इंटेलिजेंस विंग (CIW), गया ने तत्काल गया और पटना स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए CISF की कोलकाता इकाई को भी जानकारी साझा की गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, विमान के कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने यात्री को वैधानिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
CISF की इस कार्रवाई को हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सतर्कता और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया गया है। हालांकि, बरामद धातु के सोना होने और उसके स्रोत के संबंध में अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।