गया में 31 अक्टूबर को होगा जिलास्तरीय युवा उत्सव, 27 अक्टूबर तक करें आवेदन

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका, पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं

गया, 16 अक्टूबर। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, गया के संयुक्त तत्वावधान में जिलास्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 31 अक्टूबर को किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए जिले के प्रतिभाशाली युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि बाला ने बताया कि युवा उत्सव के दौरान समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उत्कृष्ट कलाकारों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवा जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, गया में आवेदन जमा कर सकते हैं। यह कार्यालय समाहरणालय परिसर में महिला हेल्पलाइन सेंटर के नजदीक स्थित है। प्रतिभागी जारी सूचना में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

यहां करें संपर्क

आवेदन और प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए ऋतिक कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर (मोबाइल नंबर 9508680451) तथा जयवर्धन कुमार, लिपिक (मोबाइल नंबर 9955330374) से संपर्क किया जा सकता है।जिला प्रशासन ने जिले के सभी योग्य एवं इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।