
RPF की तत्परता से जच्चा-बच्चा को समय पर पहुंचाया गया अस्पताल, दोनों स्वस्थ।
फतेहपुर/पहाड़पुर। कोडरमा से दानापुर की ओर जा रही राजगीर एक्सप्रेस में बुधवार को उस समय यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ती देख रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला। इसी दौरान महिला ने ट्रेन के साधारण कोच में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। RPF की तत्परता और स्थानीय स्तर पर की गई व्यवस्था के कारण जच्चा और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को गाड़ी संख्या 13233 अप कोडरमा-दानापुर राजगीर एक्सप्रेस कोडरमा से दानापुर की ओर जा रही थी। ट्रेन के साधारण कोच संख्या EC 257532 में करीब 27 वर्षीय काजल कुमारी अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। उनके साथ उनकी ननद चंदा कुमारी और दो छोटे बच्चे भी थे। महिला कोडरमा से पहाड़पुर रेलवे स्टेशन जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी।
यात्रा के दौरान अचानक काजल कुमारी को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला को दर्द से कराहते देख ट्रेन में मौजूद RPF के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और आरक्षी दीपक कुमार ने स्थिति को गंभीरता से लिया। महिला को तत्काल मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान कुछ ही देर बाद महिला ने ट्रेन के अंदर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही RPF कर्मियों ने बिना समय गंवाए सामुदायिक अस्पताल, फतेहपुर से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। साथ ही पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात RPF स्टाफ को भी महिला की स्थिति की जानकारी देकर आवश्यक तैयारी करने के लिए सतर्क किया गया।
स्ट्रेचर से एंबुलेंस तक पहुंचाया।
राजगीर एक्सप्रेस निर्धारित समय के अनुसार करीब 15:56 बजे पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरक्षी रणधीर कुमार, आरक्षी धनशेखर कुमार और पोर्टर चंदन कुमार ने तत्काल महिला और नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की।
महिला को स्ट्रेचर की सहायता से ट्रेन से उतारा गया और स्टेशन के पोर्टिको में खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद महिला और नवजात बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल, फतेहपुर भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकीय जांच में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए। घटना के बाद महिला के परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच भी इस घटना की चर्चा रही।
RPF की तत्परता से सुरक्षित हुई मां-बेटी।
चलती ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा के बाद महिला की स्थिति को देखते हुए RPF जवानों ने जिस तत्परता से कार्रवाई की, उससे महिला और नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। RPF की ओर से तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराने और पहाड़पुर स्टेशन पर पहले से स्टाफ को सतर्क करने के कारण महिला को ट्रेन से उतारने और अस्पताल पहुंचाने में सुविधा हुई।
महिला की पहचान काजल कुमारी, उम्र करीब 27 वर्ष, पति चंदन कुमार चौधरी, निवासी धरहरा, थाना मोहनपुर, जिला गया के रूप में हुई है। वह अपनी ननद चंदा कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रही थीं। यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत RPF की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बनी, जिसमें ट्रेन में प्रसव के बाद महिला और नवजात को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।











Leave a Reply