अरविंद कुमार बने फतेहपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह।


फतेहपुर (गया)। गया जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार कुशवाहा ने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत अरविंद कुमार को फतेहपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी का प्रखंड अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया।
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
अरविंद कुमार ने कहा कि फतेहपुर प्रखंड में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने जिलाध्यक्ष संतोष कुमार कुशवाहा का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विश्वास के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। साथ ही उन्होंने उन सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने संगठन में उनकी भूमिका को मजबूत बनाने में सहयोग किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अरविंद कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में फतेहपुर प्रखंड में पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलेगी और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।