
समस्तीपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) को एक बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की टीम ने समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज चकबहाउद्दीन के मुखिया सियाराम राय को 1 लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, परिवादी अब्दुल मन्नान ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुखिया सियाराम राय, जो पंचायत सचिव का भी कार्य देख रहे थे, उन्हें निलंबन से मुक्त कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर निगरानी थाना कांड संख्या-071/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत बुधवार को टीम ने दलसिंहसराय स्थित गुदरी पुल के समीप परिवादी की श्रृंगार दुकान पर जाल बिछाया। जैसे ही मुखिया सियाराम राय ने 1.20 लाख रुपये रिश्वत की राशि ली, निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की यह कार्रवाई एक बार फिर सरकारी तंत्र में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त संदेश देने वाली मानी जा रही है।













Leave a Reply