फंदे से लटकी मिली विवाहिता, प्रताड़ना का आरोप; पति समेत ससुराल पक्ष फरार

संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप, पति सहित परिजन फरार।

खिजरसराय थाना क्षेत्र के सोनास गांव में सोमवार की शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान नीरज यादव की 30 वर्षीय पत्नी रूघा कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही खिजरसराय थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
मृतका की नैहर वाले ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को अक्सर मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आशंका जताई है कि इसी प्रताड़ना के कारण यह घटना हुई है।
घटना के बाद से मृतका के पति नीरज यादव एवं उनके परिजन घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक मृतका के परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।