पहाड़पुर स्टेशन पर 25 मिनट रुकी वंदे भारत एक्सप्रेस, रेलवे क्रॉसिंग गेट नहीं बंद होने से हुआ विलंब।

सोमवार को गया–कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को लगभग 25 मिनट तक स्टेशन पर रोकना पड़ा। अचानक ट्रेन के रुकने से यात्रियों में हल्की चिंता और उत्सुकता देखी गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग के पास गेट समय पर बंद नहीं हो सका था, जिससे सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस को पहाड़पुर स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इस दौरान रेलवे कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की।

पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि जैसे ही गेट को सुरक्षित रूप से बंद कर दिया गया, उसके बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया।

करीब 25 मिनट के ठहराव के बाद स्थिति सामान्य होने पर वंदे भारत एक्सप्रेस को पुनः अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।