
गुरपा थाना क्षेत्र के घरगोहा गांव के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को गांव के समीप संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा, जो कुछ बोलने या प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं था। इसकी सूचना तुरंत गुरपा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो पाया कि व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और क्षेत्रों में उसकी पहचान के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है। साथ ही पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल शव मिलने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।











Leave a Reply