विदाई सह सम्मान समारोह में भावुक हुआ विद्यालय परिवार, शिक्षक सीताराम पासवान को दी गई श्रद्धापूर्ण विदाई

फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय चरोखरी में सेवानिवृत्त शिक्षक सीताराम पासवान के सम्मान में शुक्रवार को विदाई-सह-समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला, जहां ग्रामीणों, अभिभावकों, छात्रों एवं क्षेत्र के कई शिक्षकों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।

बताया गया कि सीताराम पासवान ने वर्ष 1994 में मध्य विद्यालय कावर (कोंच) से अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सीकरी (फतेहपुर) में भी अपनी सेवाएं दीं। अपने 31.5 वर्षों के लंबे कार्यकाल में उन्होंने अधिकांश समय मध्य विद्यालय चरोखरी में बिताया और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 28 फरवरी 2026 को वे विधिवत सेवानिवृत्त हुए।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने उनके समर्पण, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके मार्गदर्शन की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनकी शिक्षण शैली और प्रेरणादायक व्यक्तित्व विद्यालय परिवार को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम में प्रखंड के कई शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिनमें संजय कुमार, हीरालाल, रवि शंकर कुमार,प्रमोद कुमार, ओमनिरंजन वर्मा, राजकुमार पासवान, संजय प्रियदर्शी, ब्रजभूषण कुमार, रामाशीष कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक शामिल थे।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।