
बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में आर्ट्स संकाय से खिजरसराय प्रखंड के यशवंत हाई स्कूल की छात्रा निशु कुमारी ने पूरे राज्य में टॉप कर नया इतिहास रच दिया है। निशु ने कुल 500 अंकों में से 479 अंक प्राप्त कर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है।
खिजरसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव निवासी निशु कुमारी एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता अमोद कुमार छोटे किसान हैं, जबकि माता रिंकी देवी गृहिणी हैं। सीमित शैक्षणिक पृष्ठभूमि के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। जहां माता केवल छठी तक और पिता दसवीं तक शिक्षित हैं, वहीं उन्होंने निशु के सपनों को पूरा करने में हर संभव सहयोग किया।
निशु के परिवार में एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन भी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पूरे परिवार ने हमेशा उसका मनोबल बढ़ाया। यही कारण है कि आज उसकी सफलता पूरे बिहार के लिए प्रेरणा बन गई है।
निशु की इस उपलब्धि से यशवंत हाई स्कूल समेत पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन ने उसे बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। शिक्षकों के अनुसार, निशु की मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अपनी सफलता पर निशु कुमारी ने बताया कि नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और बेहतर समय प्रबंधन उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया।
निशु का सपना आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए कुछ बेहतर करने का है। उनकी यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि मजबूत इरादों के आगे संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।












Leave a Reply